हुडा सेक्टर में स्थित मधुर वाटिका में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत संतोष मेमोरियल पुनर्वास एवं शोध केंद्र के शिक्षकों एवं स्टाफ सदस्यों ने पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने वाटिका का भ्रमण किया। मधुर वाटिका कभी एक सुनसान पड़ा क्षेत्र था, जिसे पर्यावरणविद डॉ. आरएन यादव के मार्गदर्शन में समाजसेवी अमरजीत सिंह, स्योकरण, अतर सिंह, रामअवतार बीईओ एवं उनके सहयोगियों ने अथक परिश्रम और समर्पण से हरा-भरा बना दिया। आज यह क्षेत्र सैकड़ों पौधों, फूलों और फलों की प्रजातियों से समृद्ध होकर स्थानीय लोगों को शुद्ध हवा और हरियाली का अनमोल उपहार दे रहा है। उनका निस्वार्थ योगदान ही है कि मधुर वाटिका आज प्रकृति प्रेमियों के लिए एक प्रेरणा स्थल बन चुकी है। वाटिका में इस समय 1000 से अधिक प्रजातियों के फल एवं फूलों के पौधे लहलहा रहे हैं। समाजसेवी अमरजीत ने सभी उपस्थित सदस्यों का माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। संस्थान के प्राचार्य एवं पर्यावरणविद डॉ. आरएन यादव ने कहा कि एक पौधा न केवल शुद्ध वायु प्रदान करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ वातावरण भी सुनिश्चित करता है। कार्यक्रम के अंत में स्टाफ सदस्य अनीता, मंगला, शुभम, आशु, राजकुमार, गोदावरी, सुरेंद्र ने पौध रोपण कर मधुर वाटिका का भ्रमण किया।