संतोष मेमोरियल दिव्यांगजन एवं पुनर्वास केंद्र, हुडा सेक्टर नारनौल द्वारा गांव खटौती कला में सीबीआर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य डॉ. आर. एन. यादव, अनीता, श्वेता, अनु एवं शर्मिष्ठा, शिक्षकगण, ट्रेनीज़, विशेष बच्चे तथा गांव के सेवानिवृत्त प्राचार्य अमरजीत सिंह उपस्थित रहे।
संस्था पिछले 10 वर्षों से दिव्यांगजनों के पुनर्वास और शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था के चेयरमैन मुकेश गुप्ता और चेयरपर्सन कुसुम गुप्ता ने भी नीतीश कुमार को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की टीम ने गांव के प्रतिभाशाली युवा नीतीश कुमार से मुलाकात की। नीतीश कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2025 की परीक्षा में दिव्यांग (PWD) श्रेणी में 847वीं रैंक प्राप्त कर अपने गांव, क्षेत्र और समाज का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर नीतीश कुमार ने संस्था के सदस्यों और बच्चों के साथ अपने प्रेरणादायक अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी अधिकांश पढ़ाई घर से ही की तथा पिछले पांच वर्षों से निरंतर दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत के साथ यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि वे नियमित रूप से श्रीमद्भगवद्गीता का अध्ययन करते रहे, जिससे उन्हें मानसिक शक्ति और सकारात्मक सोच की प्रेरणा मिली।
संस्था द्वारा नीतीश कुमार, उनकी माता जी, उनके पिता एवं गांव के सरपंच श्रद्धानंद जी तथा परिवार के अन्य सदस्यों को स्मृति-चिन्ह, श्रीमद्भगवद्गीता की पुस्तक तथा बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग भेंट कर और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य डॉ. आर. एन. यादव ने नीतीश कुमार को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और उनकी सफलता से अन्य युवाओं को भी अपने लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा मिलती है।